सूरजपुर। सोलर पैनल के केबल तार में छिपे तांबे पर नजर रखने वाले दो आरोपियों को बसदेई पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पूछताछ में सोलर केबल, कांसा–पीतल के बर्तन और मोटरसाइकिल चोरी की कई वारदातों का खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की दो मोटरसाइकिल, मिनी कटर और लोहे का रॉड बरामद किया है।
मामला ग्राम सुंदरपुर का है। यहां रहने वाले छक्केलाल सिंह ने बसदेई चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी कि रेड नदी के किनारे खेत-बगान में सिंचाई के लिए सोलर पैनल, 3 एचपी का मोटर पंप और केबल लगाया गया है। 28 अगस्त 2026 को ग्राम जूर निवासी नजीर अंसारी और ग्राम रगदा निवासी अंकित तिवारी मोटरसाइकिल से वहां पहुंचे और सोलर पैनल का केबल काटने लगे।
बताया गया कि नजीर अंसारी केबल काट रहा था, जबकि अंकित तिवारी कुछ दूरी पर खड़ा होकर निगरानी कर रहा था। इसी दौरान खेत मालिक की नजर आरोपियों पर पड़ गई और नजीर को पकड़ लिया गया। मामले में बसदेई चौकी में अपराध क्रमांक 662/2026 के तहत बीएनएस की धाराओं में अपराध दर्ज किया गया।
पूछताछ में खुलती गई चोरी की परतें
पुलिस की पूछताछ में नजीर अंसारी ने कथित तौर पर कई अन्य चोरी की वारदातों का खुलासा किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बताया कि वह अंकित तिवारी के साथ मिलकर सुंदरपुर, खोपा और करंजी क्षेत्र से सोलर पैनल के केबल तार चोरी कर चुका है।
इसके अलावा मलगा पुलिया के पास स्थित एक मकान से कांसा और पीतल के बर्तन चोरी करने की बात भी सामने आई। पुलिस के अनुसार, चोरी का सामान सूरजपुर के तीन लोगों को बेचने की जानकारी आरोपियों से मिली है।
साप्ताहिक बाजार से चोरी की दो बाइक भी बरामद
पूछताछ के दौरान करीब एक माह पहले सूरजपुर के साप्ताहिक बाजार से दो होंडा साइन मोटरसाइकिल चोरी करने का भी खुलासा हुआ। पुलिस के मुताबिक, चोरी की एक बाइक अंकित तिवारी ने अपने घर में रखी थी, जबकि दूसरी मोटरसाइकिल नजीर अंसारी इस्तेमाल कर रहा था।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने दोनों मोटरसाइकिलों के साथ मिनी कटर और लोहे का रॉड बरामद किया।
संगठित तरीके से वारदात का आरोप
पुलिस के अनुसार, पूछताछ और जांच में दोनों आरोपियों द्वारा मिलकर अपराध किए जाने की पुष्टि होने पर प्रकरण में बीएनएस की धारा 111 और 3(5) भी जोड़ी गई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
सूरजपुर पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल (भापुसे) के निर्देश पर संपत्ति संबंधी अपराधों पर कार्रवाई के तहत यह कार्रवाई की गई। मामले में चौकी प्रभारी बसदेई योगेंद्र जायसवाल एवं पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही
नजीर अंसारी पर पहले से दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के अनुसार आरोपी नजीर अंसारी के खिलाफ बसदेई चौकी, थाना सूरजपुर, थाना पटना जिला कोरिया और थाना प्रतापपुर में चोरी, नकबजनी एवं अन्य धाराओं के तहत पूर्व से कई मामले दर्ज हैं।
वहीं आरोपी अंकित तिवारी के विरुद्ध भी बसदेई चौकी में चोरी और आर्म्स एक्ट सहित पूर्व के अपराध दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।














