बलरामपुर। बलरामपुर विकासखंड के सेमरसोत अभयारण्य क्षेत्र अंतर्गत डूमरखोरका में बीती रात अचानक हाथी दिखाई देने से ग्रामीणों के बीच हलचल मच गई। इलाके में हाथी की मौजूदगी की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई और मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
घटना की जानकारी मिलने पर जनपद सदस्य समीर सिंह देव भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर हाथी की मौजूदगी को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण हाथी से सुरक्षित दूरी बनाए रखें और किसी भी तरह का जोखिम उठाने से बचें।
जंगल जाने से बचें, हाथी को न करें परेशान
हाथी की गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है। ग्रामीणों को जंगल की ओर अनावश्यक रूप से नहीं जाने, हाथी दिखाई देने पर उसके नजदीक नहीं पहुंचने और उसे परेशान करने से बचने की सलाह दी गई है। आसपास के गांवों में भी मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया जा रहा है, ताकि किसी अप्रिय घटना की आशंका को कम किया जा सके।
फसलों को नुकसान का आकलन कर रहा वन विभाग
हाथी की मौजूदगी के बीच किसानों की फसलों को संभावित नुकसान की जानकारी भी सामने आई है। वन विभाग की टीम नुकसान का आकलन करने में जुटी है। क्षेत्र में निगरानी बढ़ाकर हाथी की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
फिलहाल ग्रामीणों से सतर्क रहने और हाथी से दूरी बनाए रखने की अपील की गई है। वन विभाग की निगरानी के बीच लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है, ताकि जनहानि और फसलों को होने वाले नुकसान से बचाव किया जा सके














