बलरामपुर,खेल मैदान आरागाही-ताम्बेश्वरनगर में आज स्व. सूर्यप्रकाश नेताम स्मृति एवं दीन-हीन सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित रामानुजगंज विधानसभा स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता 2026 का भव्य समापन हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव थे। अध्यक्षता कृषि मंत्री एवं प्रतियोगिता के संरक्षक रामविचार नेताम ने की और सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने मैदान में खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। हजारों दर्शकों की मौजूदगी ने आयोजन को यादगार बना दिया।
रामानुजगंज विधानसभा क्षेत्र के बलरामपुर और रामचन्द्रपुर विकासखंड में आयोजित इस प्रतियोगिता में कुल 120 टीमों ने हिस्सा लिया। इनमें बलरामपुर विकासखंड की 64 और रामचन्द्रपुर विकासखंड की 56 टीमें शामिल थीं। फाइनल मुकाबला डौरा सुपर किंग और बगरा-महावीरगंज के बीच खेला गया, जिसमें डौरा सुपर किंग विजेता बनी। विजेता टीम को 51 हजार रुपये नगद और कप तथा उपविजेता को 31 हजार रुपये नगद और कप प्रदान किया गया। तृतीय स्थान पर रही बलरामपुर किंग्स को 15 हजार रुपये और चतुर्थ स्थान पर रही बलरामपुर बवंडर को 11 हजार रुपये नगद के साथ कप दिया गया। प्रतियोगिता में महिला वर्ग की चार टीमों ने भी भाग लिया। महिला वर्ग का फाइनल धनवार मिशन और तेतरडीह के बीच खेला गया, जिसमें विजेता को 25 हजार और उपविजेता को 15 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने इस अवसर पर खेल मैदान आरागाही-ताम्बेश्वरनगर के विकास के लिए 3 करोड़ रुपये की घोषणा की। साथ ही उन्होंने नगरीय निकाय क्षेत्रों में विभिन्न विकास कार्यों के लिए बलरामपुर को 6 करोड़ और रामानुजगंज को 5 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के गांव-गांव में खेल प्रतिभाएं छिपी हैं और राज्य सरकार उन्हें सही मंच, सुविधाएं और प्रोत्साहन देने के लिए प्रतिबद्ध है। सरगुजा ओलंपिक जैसे आयोजन ग्रामीण खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा अवसर दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि बलरामपुर और रामानुजगंज में इंडोर स्टेडियम तथा सनावल और डिण्डो में क्रिकेट स्टेडियम की स्वीकृति जिले की खेल अधोसंरचना को नई मजबूती देगी। उन्होंने खिलाड़ियों से हार-जीत से ऊपर उठकर खेल भावना अपनाने का आह्वान किया।
कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने स्व. सूर्यप्रकाश नेताम को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनकी स्मृति में होने वाला यह आयोजन क्षेत्र की खेल परंपरा का हिस्सा बन चुका है। उन्होंने कहा कि फुटबॉल इस अंचल की धड़कन है। 120 टीमों की भागीदारी और महिला खिलाड़ियों का उत्साह इस बात का प्रमाण है कि ग्रामीण अंचल में खेल के प्रति जुनून लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं।
समापन समारोह में कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर, वनमंडलाधिकारी आलोक कुमार बाजपेयी, जनप्रतिनिधिगण एवं गणमान्य नागरिक सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे।















