बलरामपुर/कुसमी@ विकासखंड कुसमी के ग्राम पंचायत कुरडीह अंतर्गत अमठपानी,ऊपरखाड़ पारा में जनमन योजना के तहत बनी सड़क को लेकर विवाद सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि पुराने सड़क मार्ग को छोड़कर निजी सेटलमेंट भूमि में घेराबंदी कर दी गई है, जिसके चलते करीब 60 घर परिवारों के आवागमन का रास्ता प्रभावित हो गया है।
मामले की जानकारी मिलते ही छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज के जिला अध्यक्ष बसंत कुजूर एवं जिला सचिव कुलदीप तिर्की मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से मुलाकात कर पूरी स्थिति की जानकारी ली। मौके पर विशेष रूप से पहाड़ी कोरवा आदिवासी समाज के लोगों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनी गईं।
ग्रामीणों ने बताया कि रास्ते में घेराबंदी होने के कारण रोजमर्रा के आवागमन में परेशानी हो रही है। बच्चों को स्कूल जाने, ग्रामीणों को बाजार और स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचने सहित जरूरी कामों के लिए भी रास्ते की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
जिला प्रशासन को कराया गया अवगत
समस्या की गंभीरता को देखते हुए जिला अध्यक्ष बसंत कुजूर द्वारा मामले की जानकारी जिला कलेक्टर एवं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, कुसमी को दी गई। सर्व आदिवासी समाज ने प्रशासन से मौके की स्थिति का निरीक्षण कर वास्तविक सड़क मार्ग की जांच कराने तथा प्रभावित परिवारों के आवागमन की समस्या का समाधान कराने की मांग की है।
पहाड़ी कोरवा परिवारों के आवागमन का सवाल
पहाड़ी कोरवा समुदाय के परिवारों के आवागमन से जुड़ा मामला होने के कारण ग्रामीणों और आदिवासी समाज ने प्रशासन से संवेदनशीलता के साथ तत्काल कार्रवाई की मांग की है। समाज का कहना है कि किसी भी प्रकार की घेराबंदी से ग्रामीणों का सामान्य आवागमन बाधित नहीं होना चाहिए।
फिलहाल मामला प्रशासन के संज्ञान में पहुंच चुका है। अब देखना होगा कि राजस्व एवं संबंधित विभाग द्वारा मौके की जांच के बाद क्या कार्रवाई की जाती है और करीब 60 परिवारों के आवागमन की समस्या का समाधान किस तरह किया जाता है।
पुरानी सड़क छोड़ निजी सेटलमेंट भूमि में की गई घेराबंदी का आरोप, जिला अध्यक्ष और सचिव ने मौके पर पहुंचकर कलेक्टर व एसडीएम को कराया अवगत
वही सर्व आदिवासी समाज के जिला अध्यक्ष बसंत कुजूर ने जिला कलेक्टर को एवं राजस्व विभाग को तत्काल अवगत कराया तो जिसके बाद तत्काल संज्ञान मे लेते हूए कलेक्टर एवं राजस्व विभाग के एसडीएम तहसीलदार ने तत्काल संबंधित अधिकारी क्रमचारी तत्काल जांच के लिए मौके पर भेज दिया गया है मौके का निरीक्षण किया जा रहा है…















