[metaslider id=1166]बलरामपुर@ भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने के उद्देश्य से ‘‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’’ का आयोजन किया जा रहा है। इसके माध्यम से युवाओं को अपने विचार, नवाचार एवं नेतृत्व क्षमता प्रदर्शित करने तथा विकसित भारत से जुड़ा अपना दृष्टिकोण साझा करने का अवसर मिलेगा।
इस पहल का उद्देश्य युवाओं को केवल सहभागी नहीं, बल्कि नीति निर्माण, नवाचार एवं विकास प्रक्रिया का सक्रिय भागीदार बनाना है। इसके अंतर्गत शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, उद्यमिता, प्रौद्योगिकी, पर्यावरण तथा सामाजिक विकास जैसे विषयों पर युवाओं के सुझावों को प्रोत्साहित किया जाएगा।
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में अभियान को अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचाने हेतु जागरूकता एवं सहभागिता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इच्छुक युवा ‘‘मेरा युवा भारत’’ (MY Bharat ) पोर्टल पर आयोजित क्विज में भाग लेकर सहभागिता दर्ज करा सकते हैं तथा चयन उपरांत राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त कर सकते हैं।
मेरा युवा भारत, बलरामपुर द्वारा जिले के समस्त पात्र युवाओं, युवा संगठनों, महाविद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों से आह्वान किया गया है कि वे बड़ी संख्या में इस पहल से जुड़कर विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपनी भूमिका निभाएं।















