बलरामपुर…सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में सेवा और समर्पण के भाव से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुँचाया जा रहा है। आर्थिक तंगी जब प्रतिभा की राह रोकने लगती है, तब यही योजनाएँ सपनों को नई दिशा देती हैं। ग्राम बदर की कुमारी पुष्पांजलि ऋषि की कहानी इसी विश्वास की मिसाल है, जिनके लिए मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना उच्च शिक्षा का सपना साकार करने का मजबूत सहारा बनी है।
पुष्पांजलि आगे की पढ़ाई के साथ पीएससी की तैयारी कर प्रशासनिक सेवा में जाने का सपना देखती हैं। कृषि और मजदूरी पर निर्भर परिवार के लिए उच्च शिक्षा का खर्च उठाना कठिन हो रहा था। ऐसे में उन्हें योजना की जानकारी मिली और आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनके बैंक खाते में 20 हजार रुपये की सहायता राशि पहुँची। यह राशि उनके लिए केवल आर्थिक मदद नहीं, बल्कि अपने लक्ष्य की ओर आत्मविश्वास से बढ़ने का अवसर बनकर आई है। अब वे पूरी लगन से पढ़ाई और पीएससी की तैयारी में जुटी हैं।
पुष्पांजलि कहती हैं कि आर्थिक कठिनाइयों के बीच मिली इस सहायता ने उनकी पढ़ाई को थमने नहीं दिया। उन्होंने सेवा को समर्पित इस पहल के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसी योजनाएँ आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के सपनों को पंख दे रही हैं और उन्हें आत्मनिर्भर बनने का हौसला दे रही हैं।















