बलरामपुर@प्रदेश कांग्रेस कमेटी छत्तीसगढ़ के निर्देश पर सोमवार, 21 सितंबर 2026 को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बलरामपुर के तत्वावधान में गाँव चलो कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत भनौरा, ओबरी, जवाहर नगर, चित्विश्रमपुर, पिंडरा, जतरो, बरदर, शुर्रा, संतोषनगर, रामनगरकला, कृष्णानगर, सागरपुर और पुटसुरा सहित विभिन्न गांवों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर बिजली उपभोक्ताओं से स्मार्ट मीटर एवं बढ़े हुए बिजली बिल को लेकर जानकारी ली।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उपभोक्ताओं से स्मार्ट मीटर बदले जाने के लिए आवेदन फॉर्म भरवाए। इस दौरान कई उपभोक्ताओं ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उनके बिजली बिल में पहले की तुलना में काफी वृद्धि हुई है। उपभोक्ताओं ने दावा किया कि कई मामलों में बिल तीन गुना से भी अधिक आ रहा है।
कार्यक्रम के दौरान कुछ ग्रामीणों ने स्मार्ट मीटर लगाने वाले कर्मचारियों पर प्रति मीटर 200 से 400 रुपये मांगने का आरोप भी लगाया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इन शिकायतों को दर्ज करते हुए संबंधित विभाग से मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं जनपद सदस्य समीर सिंह देव ने कहा कि बढ़े हुए बिजली बिल और स्मार्ट मीटर से संबंधित उपभोक्ताओं की समस्याओं को लेकर गांव-गांव जाकर आवेदन लिए जा रहे हैं, ताकि उनकी शिकायतों को संबंधित विभाग के समक्ष रखा जा सके।
कार्यक्रम में जिला कोषाध्यक्ष सुनील गुप्ता, जिला महामंत्री संजीत गुप्ता (मुन्ना बरदर), सेवादल से प्रेसागर सिंह, जनपद सदस्य सी.बी. सिंह, सचिव सुनील तिर्की, संजय पाल, संजय हालदार, संदीप सिंह, विजय, नारद, आशिम मंडल, राहुल विश्वास, रूपेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।















