बलरामपुर @जिले में यातायात नियमों के उल्लंघन पर अब मौके पर ही ऑनलाइन ई-चालान की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देशानुसार डिजिटल ऑनलाइन चालान एवं कैशलेस व्यवस्था को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के सभी थाना एवं चौकियों में ई-चालान व्यवस्था प्रभावी रूप से लागू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर (भा.पु.से.) एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी के निर्देश पर जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों तथा संबंधित अधिकारियों की ई-चालान आईडी तैयार की गई है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मौके पर ही ऑनलाइन चालान की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
घर बैठे ऑनलाइन कर सकेंगे चालान का भुगतान
ई-चालान प्रणाली के माध्यम से वाहन चालकों के विरुद्ध तत्काल चालानी कार्रवाई की जा सकेगी। वाहन चालक अथवा वाहन स्वामी परिवहन विभाग की वेबसाइट के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन चालान की राशि का भुगतान कर सकेंगे। इससे चालानी कार्रवाई में पारदर्शिता के साथ-साथ कैशलेस व्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा।
यातायात प्रभारी एवं रक्षित निरीक्षक बलरामपुर विमलेश कुमार देवांगन ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों तथा संबंधित अधिकारियों की ई-चालान आईडी तैयार की गई है। अधिकृत डिवाइस के माध्यम से अधिकारी मौके पर ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध ऑनलाइन चालानी कार्रवाई कर सकेंगे।
इन मामलों में होगी कार्रवाई
ई-चालान व्यवस्था के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने, शराब के नशे में वाहन चलाने, बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने, बिना हेलमेट वाहन चलाने सहित अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार इस व्यवस्था का उद्देश्य यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है।
ई-चालान प्रणाली लागू होने से चालानी कार्रवाई त्वरित, पारदर्शी और कैशलेस होगी, जिससे जिले की यातायात व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायता मिलने की उम्मीद है..















