बलरामपुर@ शंकरगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत सामरी-कुसमी मुख्य मार्ग पर मंगलवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चलती बाइक पर अचानक सूखे आम के पेड़ की बड़ी टहनी गिरने से बाइक सवार 40 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक ग्राम पंचायत सरगांवा का निवासी बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार युवक अपनी पत्नी और बच्चे के साथ बाइक से शंकरगढ़ की ओर जा रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े सूखे आम के पेड़ की टहनी अचानक टूटकर बाइक के ऊपर जा गिरी। हादसे में युवक के सिर पर गंभीर चोट आई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसकी पत्नी और बच्चे को भी चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सड़क किनारे सूखे पेड़ को लेकर उठे सवाल
हादसे के बाद सड़क किनारे मौजूद सूखे और खतरनाक पेड़ों की कटाई नहीं किए जाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय स्तर पर यह चर्चा का विषय है कि यदि पेड़ या उसकी सूखी टहनियां पहले से ही राहगीरों के लिए खतरा थीं, तो संबंधित विभाग द्वारा समय रहते उनकी कटाई या सुरक्षित तरीके से हटाने की कार्रवाई क्यों नहीं की गई?
हालांकि, हादसे में लापरवाही किस स्तर पर हुई और सूखे पेड़ की टहनी को पहले क्यों नहीं हटाया गया, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। मामले में प्रशासन और संबंधित विभाग से सड़क किनारे खड़े सूखे व जर्जर पेड़ों का सर्वे कर आवश्यक कार्रवाई की मांग उठ रही है।















