बलरामपुर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी छत्तीसगढ़ के निर्देश पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बलरामपुर द्वारा बढ़ते बिजली बिल एवं स्मार्ट मीटर के विरोध में चलाए जा रहे ‘गांव चलो अभियान’ के दूसरे चरण का आयोजन किया गया। अभियान के तहत कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने मंडल डौरा के विभिन्न ग्राम पंचायतों में पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद किया।
कांग्रेस के अनुसार, अभियान के दौरान घाघरा, कोचली, मुखा, कोटसरी, करकेपा, लिलौटी, अतौरी गोविंदपुर, सरगढ़ी, डुमरखोला, झलरिया, करीचलगली, चौगाई, अमरपुर, चमनपुर, भैरवपुर, रनहत, लुरगी और मकरो सहित विभिन्न गांवों में पहुंचकर स्मार्ट मीटर से संबंधित शिकायतें सुनी गईं।
इस दौरान ग्रामीण उपभोक्ताओं से स्मार्ट मीटर बदलने के लिए आवेदन फॉर्म भरवाए गए। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि कई उपभोक्ताओं ने शिकायत की है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उनके बिजली बिल में काफी वृद्धि हुई है। कुछ उपभोक्ताओं ने बिल पहले की तुलना में तीन गुना से अधिक आने की बात कही।
कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि बिंधेश्वरी गुप्ता, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बलरामपुर के अध्यक्ष एवं जनपद सदस्य समीर सिंह देव, जिला कोषाध्यक्ष सुनील गुप्ता, वरिष्ठ कांग्रेस नेता रामाकांत जायसवाल, ब्लॉक कांग्रेस उपाध्यक्ष चंद्रशेखर पोर्टे, सचिव सुनील तिर्की, कार्यकारी मंडल अध्यक्ष बबलू रजक, इकबाल अंसारी, शिवचरण, जगशरण सिंह, अमितेश, प्रियांशु गुप्ता, विमल सोनहा, बबल सोन पाकर सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि गांव-गांव जाकर उपभोक्ताओं की शिकायतों और आवेदन को एकत्र किया जा रहा है। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आने वाले समय में जिला मुख्यालय बलरामपुर स्थित बिजली विभाग के कार्यालय का घेराव करने की तैयारी है, जिसमें प्रदेश स्तर के कांग्रेस नेताओं के भी शामिल होने की बात कही गई है।स्मार्ट मीटर और बिजली बिल में वृद्धि को लेकर ग्रामीण उपभोक्ताओं द्वारा लगाए गए आरोप कांग्रेस की ओर से जारी जानकारी पर आधारित हैं। संबंधित बिजली विभाग का पक्ष इस विज्ञप्ति में उपलब्ध नहीं है।















