Breaking News

जिला अस्पताल में प्रभार का पेच! शासन के आदेश पर अमल नहीं होने आरोप, अब बलरामपुर में प्रशासनिक व्यवस्था पर खडा हुआ प्रश्न चिन्ह ?…

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

{बलरामपुर डेस्क खबर} बलरामपुर जिला चिकित्सालय में सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक के प्रभार हस्तांतरण को लेकर विवाद सामने आया है। जिला चिकित्सालय के कर्मचारियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर शासन के स्थानांतरण आदेश का पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है। कर्मचारियों का आरोप है कि स्थानांतरण आदेश जारी होने के 25 दिनों से अधिक समय बीत जाने के बावजूद नवपदस्थ सिविल सर्जन को विधिवत प्रभार नहीं सौंपा गया है।

जाने क्या है पूरा मामला?

कर्मचारियों द्वारा कलेक्टर को दिए गए आवेदन के अनुसार, छत्तीसगढ़ शासन के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा 17 सितंबर 2026 को जारी स्थानांतरण आदेश के तहत डॉ. रामप्रसाद तिर्की को जिला चिकित्सालय बलरामपुर के सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक का प्रभार सौंपा गया है। वहीं, पूर्व पदस्थ अधिकारी डॉ. शशांक गुप्ता को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर, जिला बलरामपुर में पदस्थ किए जाने का उल्लेख है।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि आदेश जारी होने के बावजूद प्रभार हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है। इससे अस्पताल के प्रशासनिक कार्यों और विभागीय आदेशों के क्रियान्वयन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई गई है।

कर्मचारियों ने उठाए प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल

जिला चिकित्सालय के कर्मचारियों ने अपने आवेदन में छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियम 1982 और स्थानांतरण नीति वर्ष 2025 का हवाला देते हुए कहा है कि स्थानांतरण के बाद निर्धारित समय-सीमा में कार्यभार ग्रहण कराने और प्रभार हस्तांतरण संबंधी निर्देशों का पालन किया जाना चाहिए।कर्मचारियों ने मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए शासन के आदेश का पूर्ण पालन कराया जाए तथा पूर्व पदस्थ अधिकारी को निर्देशित कर समस्त अभिलेख, वित्तीय एवं प्रशासनिक दस्तावेज और संबंधित दायित्व नवपदस्थ सिविल सर्जन को तत्काल सौंपे जाएं।

ज्ञापन में प्रभार हस्तांतरण में कथित विलंब के कारणों की जांच कराने तथा नियमानुसार आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई करने की मांग भी की गई है। साथ ही भविष्य में शासन के आदेशों का समयबद्ध पालन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने का अनुरोध किया गया है।अब सबकी नजर जिला प्रशासन पर हैं कि कर्मचारियों की इस शिकायत पर क्या कदम उठाए जाते हैं और जिला चिकित्सालय में प्रभार हस्तांतरण की प्रक्रिया कब तक पूरी होती है।

Leave a Comment

और पढ़ें