बलरामपुर@छत्तीसगढ़ प्रदेश शिक्षक फेडरेशन ने मो. सलाउद्दीन को बलरामपुर-रामानुजगंज जिले का जिला संयोजक नियुक्त किया है। प्रदेश अध्यक्ष राजेश चटर्जी द्वारा जारी अधिसूचना के तहत उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति से जिले के शिक्षक संगठन में उत्साह देखा जा रहा है।
नवनियुक्त जिला संयोजक मो. सलाउद्दीन ने नियुक्ति पर प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन को मजबूत करना और शिक्षकों के हितों के लिए कार्य करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि वे अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभाएंगे तथा शिक्षकों की समस्याओं और अधिकारों की आवाज को मजबूती से उठाएंगे।
सभी विकासखंडों में संगठन के विस्तार पर रहेगा जोर
मो. सलाउद्दीन ने कहा कि जिले के सभी विकासखंडों में संगठन का विस्तार कर अधिक से अधिक शिक्षकों को फेडरेशन से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए शिक्षकों के साथ लगातार संवाद स्थापित किया जाएगा और उनकी समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाकर निराकरण के लिए पहल की जाएगी।
उन्होंने बताया कि बलरामपुर, कुसमी, शंकरगढ़, राजपुर, रामचंद्रपुर और वाड्रफनगर सहित जिले के सभी विकासखंडों में संगठनात्मक गतिविधियों को गति दी जाएगी। शिक्षकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाया जाएगा।
शिक्षकों के अधिकारों की आवाज बनेगा संगठन
जिलसंयोजक ने कहा कि संगठन केवल पद और जिम्मेदारी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह शिक्षकों के हितों के लिए कार्य करने और उनकी समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने का माध्यम है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों, शिक्षकों और संगठन के साथियों से सहयोग की अपील करते हुए फेडरेशन को जिले में अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाने का संकल्प जताया। मो. सलाउद्दीन ने कहा कि वे प्रदेश अध्यक्ष राजेश चटर्जी द्वारा जताए गए विश्वास पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे और शिक्षक हितों के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेंगे।















