बलरामपुर@ कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज ग्राम ओबरी के आंगनबाड़ी केंद्र में डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्रज्ञा नायक एवं अतिरिक्त तहसीलदार बलरामपुर श्रीमती कावेरी मुखर्जी ने बच्चों को खिलौने भेंट किए। अधिकारियों ने बच्चों के बीच समय बिताया, उनसे आत्मीयता से बातचीत की और खिलौने पाकर उनके चेहरों पर आई मुस्कान ने इस पहल को सार्थक बना दिया।
आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के जीवन की पहली पाठशाला होते हैं, जहां पोषण और देखभाल के साथ उनके सीखने की नींव रखी जाती है। इस उम्र में खिलौने केवल मनोरंजन का साधन नहीं होते, बल्कि बच्चों की कल्पनाशीलता, जिज्ञासा और मानसिक विकास को भी बढ़ावा देते हैं। ग्रामीण अंचल के ऐसे केंद्रों में खेल सामग्री उपलब्ध कराना बच्चों को आनंददायी वातावरण में सीखने का अवसर देता है और उन्हें नियमित रूप से केंद्र आने के लिए प्रेरित करता है।
सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जिला प्रशासन यह संदेश दे रहा है कि शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी केवल योजनाओं के क्रियान्वयन तक सीमित नहीं, बल्कि समाज के सबसे छोटे और कोमल वर्ग के प्रति संवेदना और अपनत्व भी उसका अभिन्न हिस्सा है। अधिकारियों की यह पहल सेवा, करुणा और मानवीय मूल्यों का उदाहरण है, जो समाज को भी जरूरतमंद बच्चों के प्रति आगे आने की प्रेरणा देती है।















