बलरामपुर। जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के डीपाडीह गांव से मकान तोड़े जाने का मामला सामने आया है। एक विधवा महिला ने सौतन के बेटे के परिवार पर उसकी गैरमौजूदगी में जेसीबी से मकान तोड़ने और कब्जे की कोशिश करने का आरोप लगाया है।
पीड़िता के मुताबिक, उसके मकान को जेसीबी से पूरी तरह धराशाई कर दिया गया। महिला का दावा है कि मकान प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने घर सहित अन्य निर्माण को भी तोड़ा गया है।
महिला ने आरोप लगाया कि घर में रखे लाखों रुपये और घरेलू सामान भी गायब हैं। बताया जा रहा है कि कथित तौर पर घर में रखी रकम महिला के हार्ट के इलाज के लिए सुरक्षित रखी गई थी। रकम और सामान नहीं मिलने से महिला ने चिंता जताई है।
पीड़िता का आरोप है कि घटना के दौरान वह घर पर मौजूद नहीं थी और उसकी गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर मकान में तोड़फोड़ कर कब्जे की कोशिश की गई।
मामले को लेकर महिला ने शंकरगढ़ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
हालांकि, मकान तोड़े जाने, नकदी-सामान गायब होने और कब्जे की कोशिश के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।















