बलरामपुर@ जिले के पस्ता थाना क्षेत्र की दौरा चौकी अंतर्गत कदौरा गांव में सनसनीखेज मामला सामने आया है। दो दिन से लापता एक व्यक्ति का कटा हुआ सिर खेत में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटनास्थल से एक स्कूटी भी बरामद होने की जानकारी सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक, व्यक्ति 2 अक्टूबर की शाम घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा। परिजनों द्वारा उसकी तलाश की जा रही थी। इसी दौरान कदौरा गांव के एक खेत में स्कूटी और कटा हुआ सिर मिलने की सूचना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। परिजनों ने मामले में हत्या की आशंका जताई है। पुलिस फिलहाल घटना की परिस्थितियों, मृतक की पहचान और घटना के पीछे के कारणों की जांच कर रही है।
पुलिस द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। मामले में आगे की जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।















