बलरामपुर@ आधार कार्ड से वंचित नागरिकों को शासकीय योजनाओं का सुचारू लाभ दिलाने और त्रुटियों के निराकरण हेतु जिला प्रशासन द्वारा चिप्स के सहयोग से विकासखंडवार विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में आज 15 अक्टूबर 2026 को जनपद पंचायत कार्यालय शंकरगढ़ में विशेष शिविर का आयोजन किया गया, जहाँ क्षेत्र के ग्रामीणों ने पहुँचकर आधार पंजीयन एवं संशोधन सुविधाओं का लाभ उठाया। शंकरगढ़ में आयोजित इस विशेष शिविर के दौरान कुल 79 प्रकरण प्राप्त हुए, जिन पर नियमानुसार पंजीयन, सुधार एवं अद्यतन की आवश्यक प्रक्रियाएँ प्रारंभ की गईं। प्राप्त आवेदनों में सर्वाधिक 16 प्रकरण नाम स्पेलिंग सुधार, 15 नाम परिवर्तन, 15 नवीन पंजीयन तथा 14 प्रकरण जन्म तिथि में संशोधन से संबंधित रहे। इसके अतिरिक्त 6 बायोमेट्रिक मिलान, 6 लिंग परिवर्तन, 2 आधार निरस्तीकरण, 2 दिव्यांगजनों से संबंधित प्रकरण, 1 सुधार सीमा पार (लिमिट क्रॉस), 1 आधार लॉक एवं 1 डीएक्टिव आधार को पुनः सक्रिय करने से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए, जिनका त्वरित समाधान किया गया।
निर्धारित समय-सारणी के अनुसार आगामी 16 अक्टूबर 2026 को जनपद पंचायत कार्यालय कुसमी में प्रातः 10ः00 बजे से सायं 5ः00 बजे तक विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में नवीन पंजीयन के साथ-साथ त्रुटि सुधार एवं बायोमेट्रिक अद्यतन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। जिला प्रशासन ने कुसमी क्षेत्र के नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुँचकर शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।














