Breaking News

शिक्षक से ₹10 हजार की मांग और वीडियो वायरल करने का आरोप, यूट्यूबर दीपक यादव समेत 3 गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद तीनों आरोपियों ने न्यायालय में किया आत्मसमर्पण; पस्ता पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद न्यायिक रिमांड पर भेजा जेल..

बलरामपुर। शिक्षक से कथित तौर पर 10 हजार रुपये की मांग, धमकी देने और सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित कर बदनाम करने के मामले में पस्ता पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने यूट्यूबर दीपक यादव समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने एक सरकारी स्कूल में पहुंचकर शिक्षक का वीडियो बनाया था और रुपये नहीं देने पर उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी थी।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मामला थाना पस्ता क्षेत्र के शासकीय प्राथमिक शाला पुटसु का है। यहां पदस्थ सहायक शिक्षक एवं प्रभारी प्रधान पाठक रुकमण बारीक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि यूट्यूबर दीपक यादव और उसके सहयोगियों ने अपने फाउंडेशन के लिए 10 हजार रुपये की मांग की थी।

शिकायत के मुताबिक, 25 अगस्त 2026 को दोपहर करीब एक बजे श्रवण यादव और सूर्या यादव विद्यालय पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने बिना अनुमति वीडियो बनाना शुरू कर दिया और शिक्षक के साथ अभद्र व्यवहार किया। साथ ही, रुपये नहीं देने पर वीडियो को यूट्यूब और फेसबुक पर वायरल करने, सामाजिक प्रतिष्ठा खराब करने तथा नौकरी से निलंबित करवाने की धमकी दी गई।

सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित करने का भी आरोप

शिकायतकर्ता के अनुसार, यूट्यूबर दीपक यादव ने अपने सहयोगियों की मदद से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किया। इससे शिक्षक की व्यक्तिगत एवं सामाजिक प्रतिष्ठा के साथ विद्यालय की छवि प्रभावित होने की बात कही गई है।

शिकायत के आधार पर पस्ता थाने में अपराध क्रमांक 44/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 221, 351(2), 308(2), 356(3) एवं 3(5) के तहत मामला विवेचना में लिया गया।

पुलिस ने जुटाए साक्ष्य, हाईकोर्ट से नहीं मिली अग्रिम जमानत

विवेचना के दौरान पुलिस ने शिकायतकर्ता और गवाहों के बयान दर्ज किए। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो एवं तस्वीरों के स्क्रीनशॉट से संबंधित पेन ड्राइव जब्त की गई। शिक्षक की नियुक्ति और पदस्थापना से जुड़े दस्तावेज भी प्राप्त किए गए।

पुलिस के अनुसार, आरोपी दीपक यादव ने बिलासपुर हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए आवेदन प्रस्तुत किया था, जिसे न्यायालय ने निरस्त कर दिया।

न्यायालय में आत्मसमर्पण के बाद गिरफ्तपुलिस के मुताबिक, 14 अक्टूबर 2026 को तीनों आरोपियों ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया। इसके बाद न्यायालय से गिरफ्तारी की अनुमति लेकर पुलिस ने तीनों को विधिवत गिरफ्तार किया। बाद में उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कराया गया।

पुलिस की अपील सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी से करें पोस्ट

बलरामपुर पुलिस ने नागरिकों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि किसी भी व्यक्ति की प्रतिष्ठा को प्रभावित करने वाली सामग्री प्रसारित करने से पहले तथ्यों की सत्यता सुनिश्चित करें। किसी भी प्रकार की धमकी या अवैध मांग किए जाने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाने में सूचना दें।

Leave a Comment

और पढ़ें