बलरामपुर। साइबर अपराधों से आम जनता को बचाने और डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक प्रदेशभर में “साइबर जागृति अभियान” चलाया जाएगा। सात सप्ताह तक चलने वाले इस अभियान का बलरामपुर जिले में पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने प्रेस वार्ता के दौरान QR कोड जारी कर शुभारंभ किया।
इस दौरान एसपी वैभव बैंकर ने खुद QR कोड स्कैन कर “साइबर जागृति की एक सेल्फी” ली और सोशल मीडिया पर पोस्ट की। उन्होंने जिलेवासियों से भी अपील की कि QR कोड या लिंक के जरिए सेल्फी फ्रेम में अपनी तस्वीर लेकर सोशल मीडिया पर शेयर करें, ताकि साइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।

अभियान के तहत सात सप्ताह में अलग-अलग वर्गों को साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी जाएगी। पहले सप्ताह स्कूल-कॉलेज के छात्रों को डिजिटल सुरक्षा, दूसरे सप्ताह बैंक एवं वित्तीय संस्थानों में UPI और ऑनलाइन ठगी से बचाव, जबकि तीसरे सप्ताह वरिष्ठ नागरिकों को डिजिटल अरेस्ट और फर्जी कॉल से बचने की जानकारी दी जाएगी।
चौथे सप्ताह महिलाओं को स्मार्टफोन प्राइवेसी और सुरक्षित ब्राउजिंग, पांचवें सप्ताह युवाओं को जॉब फ्रॉड और फिशिंग से बचाव तथा छठवें सप्ताह डेटा प्राइवेसी और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल को लेकर जागरूक किया जाएगा। सातवें सप्ताह ग्राम पंचायतों में “साइबर मुक्त छत्तीसगढ़” का संकल्प दिलाया जाएगा।
अभियान के दौरान पुलिस चौक-चौराहों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर-बैनर के साथ QR कोड लगाएगी। सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से भी लोगों को अभियान से जोड़ा जाएगा।
02 अक्टूबर गांधी जयंती के दिन अभियान का समापन किया जाएगा















