रामानुजगंज। शिक्षक दिवस के अवसर पर रामानुजगंज स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय मांगलिक भवन परिसर में समाजसेवी संस्था सागर मोती फाउंडेशन के तत्वावधान में विकासखंड स्तरीय सेवानिवृत्त एवं उत्कृष्ट शिक्षकों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। संस्था द्वारा विगत वर्षों की परंपरा को जारी रखते हुए इस वर्ष भी शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में भारत के महान दार्शनिक, शिक्षाविद एवं पूर्व राष्ट्रपति भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया गया। वक्ताओं ने शिक्षा और समाज निर्माण में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व और भविष्य को दिशा देने का महत्वपूर्ण कार्य भी करते हैं।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के कृषि मंत्री रामविचार नेताम शामिल हुए। उनके साथ पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पुष्पा नेताम, अपर कलेक्टर आर.एस. लाल, जिला शिक्षा अधिकारी मनीराम यादव, एसडीएम आनंद नेताम, तहसीलदार मनोज पैकरा, पूर्व जिला संघ संचालक सुभाष जायसवाल, वरिष्ठ भाजपा नेता कन्हैयालाल अग्रवाल तथा रामानुजगंज मंडल अध्यक्ष सीताराम गुप्ता सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत्त शिक्षकों तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले शिक्षकों के चेहरे पर खुशी और भावुकता नजर आई। उपस्थित अतिथियों ने शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।
समारोह में बड़ी संख्या में शिक्षकों की मौजूदगी रही, जिससे पूरा परिसर शिक्षक सम्मान और शिक्षा के प्रति कृतज्ञता के भाव से सराबोर नजर आया।















