मासूम छात्र की पिटाई ने खड़े किए सवाल, शिक्षा विभाग ने जांच के दिए निर्देश..

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बलरामपुर@ लगातार सुर्खियों में रहने वाला शिक्षा विभाग एक बार फिर प्रधान पाठक के कथित कारनामे को लेकर चर्चा में है। प्राप्त जानकारी के अनुसार विकासखंड राजपुर के प्राथमिक शाला बालक आश्रम जिगड़ी में कक्षा पांचवीं के एक पहाड़ी कोरवा छात्र की प्रधान पाठक द्वारा बेरहमी से पिटाई किए जाने का आरोप लगा है। घटना गुरुवार सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर प्रधान पाठक बिपता राम रवि नाराज हो गए और उन्होंने छात्र की बांस के डंडे से जमकर पिटाई कर दी। घटना के दौरान छात्र का बड़ा भाई भी मौके पर मौजूद था। पिटाई के बाद छात्र किसी तरह स्कूल से निकलकर उस घर पहुंचा, जहां से वह रोजाना स्कूल आना-जाना करता था। वहां मौजूद लोगों को उसने पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों द्वारा छात्र का उपचार कराया गया।

मामले की सूचना पुलिस को भी दी गई है। घटना की जानकारी मिलते ही छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज के जिला अध्यक्ष बसंत कुजूर ने छात्र से मुलाकात की और स्कूल पहुंचकर मामले की वास्तविकता की जानकारी ली। उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की मांग को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी से चर्चा की है।

जिला शिक्षा अधिकारी एम.आर. यादव ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। विकासखंड शिक्षा अधिकारी को जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच के उपरांत दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

अब पूरे मामले में शिक्षा विभाग की जांच और कार्रवाई पर नजर बनी हुई है। छात्र के साथ कथित मारपीट की घटना ने स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें